हवाई जहाज
=======
जब भी उससे मेरी बातचीत होती तो कई सामाजिक मुद्दे उखड़ आते थे जिनपर घण्टो चर्चा होती थी। किसी मुद्दे पर मेरी सहमति होती किसी पर उसकी लेकिन ज्यादतर मुद्दों पर हम दोनी की राय एक ही होती थी।
उसने कई बार ये जिक्र किया था कि उसके घरवाले लड़का और लड़की में फर्क नहीं करते कभी कभी तो कहती थी कि मेरे पिता अपनी लड़कियों को लड़को से ज्यादा महत्व देते हैं।
मेरे दिमाग में एक सवाल अक्सर घूमता रहता था कि इसकी सही उम्र क्या है इसका कारण यह था कि वो अपनी जन्मतिथि नही जानती थी या शायद जान बूझकर मुझे नही बताना चाहती थी।
मैने कई बार उससे ऐसे सवाल किए जिससे कुछ सुराग मिल जाये लेकिन हर बार असफलता ही हाँथ लगी।
एक दिन बातचीत के दौरान मैंने अपने बारे में बताया कि मेरी प्राथमिक शिक्षा सरकारी स्कूल में हुई जहाँ हर विद्यार्थी अपने साथ एक खाली बोरी लाता था जिसे बिछाकर वो उसपर बैठता था।
उसने कहा मेरी भी प्राथमिक शिक्षा सरकारी स्कूल में हुई और मैं भी बोरी साथ ले जाती थी।
फिर ऐसे ही हम दोनों अपने बचपन के दिन याद करने लगे।
इसी दौरान मुझे पता चला कि उसके भाई की प्राथमिक शिक्षा प्राइवेट स्कूल में हुई थी।
उस समय प्राइवेट स्कूल में हर कोई अपने बच्चे को नही पढ़ाता था। क्योंकि प्राइवेट स्कूल में सुविधाएं अच्छी होने के कारण उसकी फीस भी अधिक थी।
जब मैंने उससे पूँछा तुम तो कहती थी मेरे घरवाले लड़का लड़की में फर्क नहीं करते फिर तुम्हे सरकारी स्कूल में क्यों पढ़ाया जबकि तुम्हारे भाई को अच्छे से प्राइवेट स्कूल में पढ़ाया गया।
वो कुछ कहने को होती लेकिन रुक जाती थी। ऐसा लगता था कि वो एक सांस में ही पूरी भड़ास निकाल देगी।
वो कुछ बोलने को होती पर बोल नहीं पाती।
एक दिन उसने बताया कि सरकारी स्कूल उसके गाँव के पास ही है प्राइवेट स्कूल थोड़ी दूर था इसीलिए प्राइवेट स्कूल में नहीं पढ़ी।
मैंने कहा अपने भाई के साथ चली जाती एक से भले दो
उसने बात काटते हुए कहा अच्छा बताती हूँ भाई के साथ क्यों नहीं पढ़ सकी?
किसी को बताओगे तो नहीं?
मैंने कहा बताऊंगा तो नहीं हो सकता है इसपर कहानी लिख दूँ।
इतना कहकर मैं जोर जोर हँसने लगा।
उसने कहा अब तो कतई नही बताउंगी जब मेरे घर वाले या गाँव वाले वह कहानी पढ़ेगे तो उन्हें पता चल जाएगा की ये कहानी मेरी है।
मैने कहा जिन्हें पहले से पता हो उनसे क्या छिपाना? कोई बात नही मैं तुम्हारे गाँव वालों से पूँछ लूंगा वो तो सब बता देगे की तुम अपने भाई के साथ क्यों नहीं पढ़ने...
उसने बात काटते हुए कहा बता तो रही हूँ सुनो तो सही।
और तुम्हे कहानी लिखनी हो तो लिख देना लेकिन एक शर्त पर कहनी में मेरा नाम नही आना चाहिए
और हाँ लिखने के बाद मुझे दिखा जरूर देना।
मैने कहा ठीक है।
उसने बताया जब मेरा भाई स्कूल जाता था तो मैं घर में अकेली रह जाती थी मेरे साथ कोई खेलने वाला नही था।
उस समय हम सिर्फ दो ही भाई बहन थे।
मेरी उम्र उस समय तीन साल थी मैं भी भाई के साथ स्कूल जाना चाहती थी लेकिन घरवाले कहते थे कि अभी तुम छोटी हो खो जाओगी अगली साल तुम्हारा भी नाम लिखवा देगे फिर दोनों साथ साथ स्कूल जाना।
मैं फिर भी नहीं मानी एक दिन भाई के पीछे-पीछे चलती हुई स्कूल पहुँच गयी।
जब भाई ने देखा तो मुझे डाँटा मैं रोने लगी तो वो चुप कराने लगा जब मैं चुप नहीं हुई तो उसने मुझे अपने साथ क्लास में बिठा लिया।
उसके बाद मैं रोज भाई के साथ स्कूल जाने लगी।
मम्मी नई फ्रॉक पहनाकर काजल लगा देती थीं।
स्कूल में भाई जिधर भी जाता था मैं उसके पीछे पीछे लगी रहती थी। यहाँ तक कि अगर वो पेशाब करने भी जाता तो मैं भी साथ जाती थी वो मुझसे कहता तुम यही पर रुको मैं अभी आता हूँ।
इतना कहकर वो पेशाब करने चला जाता जब वो बापिस आता तो मैं फिर उसकी परछाई बनकर साथ साथ चलने लगती।
एकदिन की बात है जब क्लास में अध्यापक बच्चो को पढ़ाने में व्यस्त थे उसी समय मेरे कानों में एक आवाज आई।
मैं फौरन उठी और दौड़कर क्लास से बाहर आ गयी आसमान की तरफ देखा और उछल उछलकर तालियाँ बजाते हुए चिल्लाने लगी... हवाई जहाज...हवाई जहाज...हवाई जहाज..
पूरे क्लास की नजरें मुझपर थीं
मैंने भाई की तरफ देखकर उछलते हुए कहा भईया वो देख हवाई जहाज और अपनी उंगली आसमान की तरफ उठा दी।
भाई दौड़कर मेरे पास आया और मेरा मुँह बंद करने लगा लेकिन मैं अपना सिर इधर उधर घुमाकर चिल्लाती रही हवाई जहाज..हवाई.....जहाज....हव....
तभी अध्यापक आया और उसने अपना भारी भरकम हाँथ मेरी पीठ पर मारा धम्म की आवाज आई इससे पहले मुझे कुछ समझ आता दो बार और आवाज आई धम्म..धम्म..
फिर क्या मैं रोने लगी तब तक रोती रही जब तक छुट्टी नही हो गयी।
उसके बाद मैंने भाई के साथ स्कूल जाना बंद कर दिया।
अगले साल मेरा एडमिशन कराया गया तो मैंने कहा भाई के साथ उस स्कूल में कभी नही पढ़ने जाउंगी मैं तो गाँव के पास वाले स्कूल में..
उसने अभी बात पूरी भी नही की थी कि अचानक एक आवाज आई मैंने आसमान की तरफ देखा और खुशी के चिल्लाकर बोला हवाई जहाज।
© राहुल रेड

0 टिप्पणियाँ